नवरात्रि सबसे शुभ त्योहारों में से एक है।
नौ दिनों तक चलने वाले इस पर्व में भक्त देवी दुर्गा के नौ रूपों की पूजा करते हैं।
इस त्यौहार के दौरान बाजारों में अलग ही रौनक देखने को मिल रही है।
सभी बाजार माता रानी के वस्त्रों, फूलों और साज- श्रृंगारों से सज चुके हैं।
यह आध्यात्मिक चिंतन और अपने घर को सकारात्मक ऊर्जा से भरने का समय है।
लेकिन व्रत और प्रार्थना के साथ नवरात्रि कुछ महत्वपूर्ण वस्तुओं को घर लाने का भी सही अवसर भी है।
इस आर्टिकल में हम आपको कुछ ऐसी चीजों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो नवरात्रि में खरीदना बेहद शुभ माना जाता है साथ ही कुछ ऐसी चीजों के बारे में भी बताएंगे तो आपको नवरात्रि के दौरान बिल्कुल नहीं करनी चाहिए। आइए जानते हैं…
नवरात्रि में खरीदें ये शुभ चीजें

1. कलश
नवरात्रि के दौरान घर में कलश अवश्य लेकर आएं। नवरात्रि के दौरान अपने घर में कलश रखने से घर में सकारात्मक ऊर्जा प्रवेश करती है।
2. श्री यंत्र

नवरात्रि के दौरान श्री यंत्र की पूजा करने से बाधाएं दूर होती हैं। इसे अपने पूजा कक्ष या अपने घर के उत्तर-पूर्व कोने में रखें।
3. देवी दुर्गा की मूर्ति
नवरात्रि के दौरान देवी दुर्गा की मूर्ति या तस्वीर आपको जरूर खरीदनी चाहिए। ऐसी मान्यता है कि उनकी दिव्य ऊर्जा नकारात्मकता को दूर करती है और जीवन में आ रही बाधाओं से हमें मुक्ति दिलाती है।
4. मिट्टी के दीये

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार नौ दिनों के दौरान दीये जलाना बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। ये पवित्र वस्तुएं आपको पर्व के आध्यात्मिक सार के साथ जुड़ने में मदद कर सकती हैं, जिससे परिवार और घर में शांति, सकारात्मकता भरा माहौल बनता है।
5. चांदी का सिक्का
नवरात्रि के दौरान चांदी का सिक्का घर लाना बेहद शुभ माना जाता है। इसे देवी लक्ष्मी का रूप माना जाता है। नवरात्रि के नौ दिनों में इस सिक्के की पूजा करने से घर में धन-धान्य की वृद्दि होती है।
6. तुलसी का पौधा

अगर आपके घर में तुलसी का पौधा नहीं है, तो उसे घर लाने का ये सबसे उचित वक्त है। नवरात्रि के दौरान घर में तुलसी का पौधा लाना बेहद शुभ माना जाता है।
7. पद चिह्न
नवरात्रि में माता रानी के पद को घर लाना बेहद अच्छा माना जाता है। नवरात्रि के दौरान माता रानी के पद चिह्न को पूजा घर में रखने से देवी मां का आर्शीवाद सदैव आपके परिवार पर बना रहता है।
8. मौली
नवरात्रि के दौरान मौली खरीदना बेहद शुभ माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि नवरात्रि के दौरान मौली खरीदने से देवी मां का आर्शीवाद हमेशा बना रहता है। इसलिए नवरात्रि में मौली खरीदना न भूलें।
9. स्वास्तिक
नवरात्रि के दौरान स्वास्तिक खरीदना भी काफी अच्छा माना जाता है। अपने घर के मुख्य द्वार पर नवरात्रि के दौरान दोनों तरफ स्वास्तिक का चिन्ह लगाना चाहिए। ऐसा करने से नेगेटिव एनर्जी हमेशा घर से दूर रहती है।
10. माता रानी का 16 श्रृंगार
मां दुर्गा को 16 श्रृंगार चढ़ाना नवरात्रि के दौरान काफी शुभ माना जाता है। श्रृंगार का सामान आपके सौभाग्य में वृद्धि करता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार महिलाएं श्रृंगार की चीजों को मां दुर्गा को अर्पित करने के बाद उसका उपयोग करें तो देवी मां का आशीर्वाद उनपर बना रहता है। इसमें मांग टीका, सिंदूर, मेंहदी, चूड़ियां, बिंदी, काजल, झुमके, अंगूठियां, कमरबंद, पायल आदि शामिल हैं।
नवरात्रि के दौरान न करें ये चीजों
1. घर को खाली नहीं छोड़ना चाहिए

नवरात्रि की पूजा कई लोग घर में अखंड दीप जलाकर करते हैं। अगर आपने अखंड ज्योति जलाई है तो घर को खाली नहीं छोड़ना चाहिए। इस दौरान किसी न किसी को घर पर जरूर रहना चाहिए। अखंड ज्योति को लगातार जलाए रखने के लिए किसी को पूरे नौ दिनों तक इसकी अच्छे से निगरानी करनी चाहिए।
2. लोगों के बारे में बुरा न बोलें
अगर आपने नवरात्रि के नौ दिनों का उपवास रखा है तो आपको किसी की आलोचना या बुराई करने से बचना चाहिए। इस दौरान नकारात्मक विचारों से बचना चाहिए और माता रानी का मन की मन ध्यान लगाना चाहिए या मंत्रों का उच्चारण करना चाहिए।
3. प्याज और लहसुन से बचें

अगर आपने नवरात्रि का उपवास नहीं रखा है तब भी इन 9 दिनों के दौरान आपको प्याज और लहसुन जैसी तामसिक चीजों को खाने से बचना चाहिए। नवरात्रि के दौरान सात्विक भोजन ही करना चाहिए।
4. बिस्तर पर सोना
अगर आपने नौ दिनों का उपवास रखा है तो आपको बिस्तर पर नहीं सोना चाहिए बल्कि जमीन पर सोना चाहिए। फर्श पर सोने से हम धरती माता से जुड़े रहते हैं। व्रत रखने के दौरान किसी भी तरह की विलासिता वाली चीजों का उपयोग कम से कम करना चाहिए।
5. शेविंग, कटिंग और नाखून काटना

नवरात्रि में आपको शेविंग, कटिंग और नाखून काटने से बचना चाहिए। जिन लोगों ने नौ दिनों का व्रत रखा है उन्हें खासकर इस नियम का पालन जरूर करना चाहिए।
6. अपनी दैनिक प्रार्थनाओं को न छोड़ें
नवरात्रि के इन 9 दिनों के दौरान देवी दुर्गा के 9 अलग-अलग स्वरूपों की पूजा की जाती है। इसलिए पूजा का हर दिन बेहद महत्वपूर्ण है। अपनी दैनिक प्रार्थनाओं को न छोड़ें और हर दिन ध्यान में बैठें।
7. गुस्सा करने से बचें
नवरात्रि के दौरान किसी भी तरह की बहस, झगड़े या गुस्सा करने से बचना चाहिए। गुस्सा करने से मन में नकारात्मक विचार उत्पन्न होते हैं और मन की शांति भंग होती है। नवरात्रि के वक्त में खुद को शांत रखें और अपना सारा ध्यान मां दुर्गा की आराधना में लगाएं।
8. चमड़े की चीजों का इस्तेमाल न करें
अगर आपने नवरात्रि में नौ दिनों का व्रत रखा है तो आपको चमड़े की चीजों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
9. बीच में अपना व्रत न तोड़ें
ये आपके ऊपर निर्भर करना है कि आपको नवरात्रि में कितने दिन व्रत रखने हैं आप चाहें तो 9 दिनों का उपवास रख सकते हैं या फिर आप चाहें तो पहले और आखिरी दो दिन का व्रत भी रख सकते हैं। लेकिन, समस्या तब शुरू होती है जब हम अपने व्रत को बीच में ही तोड़ देते हैं वो भी अपनी कोई फेवरेट चीज खानी होती है। जब तक इमरजेंसी स्थिति न हो तब तक अपने व्रत को बीच में न तोड़ें।