सनातन धर्म में पूजा संपन्न करने के बाद भगवान की आरती करने का नियम है। ये आरती ज्यादातर कपूर जलाकर ही की जाती है। कपूर से आरती करने का ये नियम कोई आज शुरू नहीं हुआ है, बल्कि हजारों साल से हिंदू समाज ऐसा कर रहा है।
लेकिन, अक्सर मन में ऐसे सवाल उठ सकते हैं कि, क्या कपूर जलाने का कोई फायदा भी है? क्या आधुनिक वैज्ञानिक पैमाने पर कपूर की उपयोगिता को साबित किया जा सकता है? या फिर, कपूर की आरती करने से क्या फायदा होता है?
इस आर्टिकल में हम आपको बता रहे हैं कि, आरती में कपूर क्यों जलाया जाता है? इसके वैज्ञानिक और धार्मिक फायदे क्या हैं?
कपूर क्या है?
कपूर सफेद, मोम जैसा, पारदर्शी कार्बनिक कंपाउंड है। इसमें तेज गंध और तीखा स्वाद होता है। कपूर का आणविक सूत्र C10H16O है। कपूर को संस्कृत में कर्पूर, फारसी में काफूर और अंग्रेजी में कैंफर (Camphor) कहते हैं।
क्या कपूर एंटी बैक्टीरियल है?
हां, कपूर में जीवाणुरोधी गुण होते हैं और इसका उपयोग पारंपरिक चिकित्सा में इसके जीवाणुरोधी, एंटीफंगल, जलन को रोकने वाले और अन्य जैविक गुणों के कारण किया जाता है। कपूर को स्ट्रेप्टोकोकस म्यूटेंट, एंटरोकोकस फ़ेकेलिस और एस ऑरियस जैसे बैक्टीरिया की रोकथाम में असरदार पाया गया है।
क्या कपूर स्किन की समस्याओं को दूर करता है?
कपूर का उपयोग एंटीसेप्टिक, भोजन में मसाले के रूप में, सर्दी-जुकाम के उपचार में और कामोत्तेजक दवा के रूप में भी किया जाता है। इसके अन्य कई उपयोग हैं, जिनमें त्वचा की समस्याओं का इलाज करना, श्वसन क्रिया में सुधार करना और दर्द से राहत देना शामिल है।
कपूर के पेड़ की लकड़ी का उपयोग इसके जीवाणुरोधी गुणों और कीड़ों को भगाने वाली गंध के कारण भी किया जाता है।
कपूर की आरती करने के फायदे:
हिंदू पौराणिक कथाओं के मुताबिक, आरती में कपूर जलाना भगवान का दैवीय अनुष्ठान माना जाता है। कपूर की सुगंध से भगवान प्रसन्न होते हैं और कपूर की आरती घर को सकारात्मक ऊर्जा से भर देती है।
कपूर जलाने से घर की नकारात्मक ऊर्जा खत्म हो जाती है और वातावरण शुद्ध होता है। इसके अलावा, जलता हुआ कपूर वास्तु दोष और पितृ दोष से भी मुक्ति दिलाता है। ज्योतिष शास्त्र के जानकारों के मुताबिक, कपूर के धुएं से घर में नकारात्मक शक्तियां प्रवेश नहीं करतीं।
कपूर जलाने के कुछ और फ़ायदे:
- कपूर जलाने से आत्मा आध्यात्मिक रूप से मजबूत होती है।
- कपूर की सुगंध से नकारात्मक ऊर्जा खत्म हो जाती है।
- कपूर जलाने से शरीर पवित्र होता है।
- कपूर जलाने से घर में शांति बनी रहती है।
- कपूर जलाने से हानिकारक संक्रामक बैक्टीरिया नष्ट होती हैं।
- शास्त्रों में कहा गया है कि, आरती में कपूर जलाने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है।